मुख : हिन्दी : आलोक : नौ दो ग्यारह : गुम हो गए चक्रवात में

Can't see Hindi?

Why can't I see the Hindi section?

15.1.04

गुम हो गए चक्रवात में

कल रात दो बजे सोया और आज उठा तो लगा कि और चार घण्टे आराम से सो सकते हैं। लेकिन यह न हो सका। तो अब क्या करें, अपनी क़िस्मत को कोसने के अलावा? ज़िन्दगी छोटी है, काम बहुत हैं। ऊपर से उसमें भी क्या करें और क्या नहीं, इसमें और समय ज़ाया होता है। उम्मीद पर दुनिया टिकती है लेकिन खुद से उम्मीद उसी चीज़ की करनी चाहिए जो हो सके। अक़्सर ऐसा लगता है कि दुनिया अचानक बहुत उलझ गई है, पहले काफ़ी सीधी सादी थी। ऐसा क्यों? दबाव, तनाव? बाहर निकलना पड़ेगा इस चक्रवात से, या फिर इस चक्रवात को ही नौ दो ग्यारह करना पड़ेगा। क्या दुनिया को एक मुख और खुद का दूसरा मुख रख कर जीना ज़िन्दगी है? पता नहीं। अब तो बस लिखते जा रहा हूँ, जो मन में आए। इसीलिए तो लिखना शुरू किया था मैंने चिट्ठा, हो सकता है इसे लिखते लिखते मुझे कुछ समझ आ जाए, अपने बारे में, दूसरों के बारे में। दोस्त लोग मिलने को कहते हैं, लेकिन नहीं मिल पाते। मजबूरी। फिर पता चलता है कि बहुत दूर पहुँच गए। जीवन में अग़र ही अग़र भरा हुआ है। यार फिर ज़िन्दगी शुरू कब होगी। कोई अनुशासन नहीं, अपनी मन मर्जी। लगभग रोज, वही होता है जो इसके पिछले दिन हुआ था। कोई बदलाव नहीं, कोई परिवर्तन नहीं। कुछ दिलचस्प? नहीं, कुछ नहीं। क्या ज़िन्दगी है। यही है ज़िन्दगी? लगता है मैं कुछ ग़लत चीज़ों को ज़्यादा तवज्जू दे रहा हूँ और सही चीज़ों को कम। अन्तर्जाल पर काम करना अब काफ़ी महँगा पड़ रहा है, देखता हूँ अगले कुछ दिनों में कोई और जुगाड़ हो जाए, ब्रोड्बैण्ड जैसा तो अच्छा है। इस लिनक्स ने परेशान कर रखा है। हर एक चीज़ के लिए कुछ न कुछ बैठ के डाउन्लोड करो। यार हद होती है। पर क्या करें। मज़ा भी आता है, पर कभी कभी कुछ ज़्यादा हो जाता है। जैसे कि आज। पूरा क्यू टी 3.3 बैठ के कम्पाइल किया, लेकिन rpm -q qt पुराना वाला उद्धरण ही दिखाता है। मतलब क्या? कि उसका आर पी ऍम ही चाहिए? ये बात तो हजम नहीं हुई। पुराने क्यूटी की लाइब्रेरियाँ भी उड़ा दीं, फिर भी वही दिक्कत है। उल्टे के पी पी पी चलना बन्द हो गया। वह तो शुक्र है वीवडायल था, तो काम चल रहा है। लेकिन इसका मतलब ये हुआ कि इसके बारे में अपने को जानकारी बहुत, बहुत कम है, और किसी को पूछो ते कहेगा कि मैन पेज देखो, या गूगल में गुगलाओ। भइया गूगल क्या देगा। बस बहुत हो गया अब होते हैं नौ दो ग्यारह।
18:25 बजे आलोक द्वारा।
0 छींटाकसी
इस लेख के हवाले
0 छींटाकसी -
छींटाकसी करें

इस लेख के हवाले:

एक लिंक बनाएँ

पिछले लेख:

बासी माल:


Home © Alok Kumar alok at devanaagarii dot net, 2002-2012, सीऍसऍस © डब्ल्यू ३ सी .

Valid XHTML 1.0 Strict Valid CSS!

Google

मुख